जालौन जिले के कोंच में शनिवार रात मित्र की शादी में शामिल होने पनवाड़ी जा रहे कस्बे के एक युवक की कार पलटने से मौत हो गई। कस्बे के मोहल्ला तिलक नगर कंजड़ बाबा निवासी नेखपाल कुशवाहा का 18 वर्षीय पुत्र पवन शनिवार रात अपने मित्र की शादी में शामिल होने के लिए कुछ दोस्तों के साथ अपने जीजा की स्विफ्ट कार लेकर महोबा जनपद के कस्बा पनवाड़ी जा रहा था।
बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे राठ के समीप सड़क पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जिसके चलते पवन को गंभीर चोटें आईं जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया और रात में ही परिजन राठ के लिए रवाना हो गए थे। रविवार की दोपहर में पोस्टमार्टम होने के बाद शव कोंच लाया गया जहां मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक बाइक मिस्त्री था। वह अपने मां बाप का इकलौता पुत्र था।