जालौन। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने मारपीट कर विवाहिता को घर से निकाल दिया। पिता के घर पहुंची महिला ने पिता के साथ दहेज उत्पीड़न के मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पति समेत 6 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी गरिमा सिंह ने पिता राकेश सिंह के साथ रिपोर्टिंग महिला पुलिस चौकी प्रभारी नीलम सिंह को तहरीर देकर बताया कि पिता ने दिसंबर 2020 में उसकी शादी रावतान निवासी शिवम सिंह के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही उन्होंने पिता से अतिरिक्त दहेज के रूप में मकान की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर ससुराल ने शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शनिवार की शाम उन्होंने पुन: दहेज की मांग की जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो ससुरालियों ने मारपीट कर जेवर आदि छीन लिए। और घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति शिवम, ससुर शिवपाल, सास रानी, देवर सत्यम, बाबा विक्रम व दादी सियादुलारी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला चौकी प्रभारी नीलम सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना कर उचित कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
----
घर के बाहर से बाइक चोरी
जालौन। घर के बाहर खड़ी बाइक बाइक चोरों ने पार कर दी। क्षेत्र के मोहल्ला पुरानीहाट निवासी सौरभ गुप्ता ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम बाइक घर के बाहर खड़ी थी। किसी काम के चलते वह घर के अंदर चले गए। जब वापस लौटे तो बाइक गायब थी। तलाश करने के बावजूद बाइक का कहीं पता नहीं चला। वाहन स्वामी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। (संवाद)
--
शराब समेत दो लोगों को दबोचा
जालौन। कोतवाली पुलिस ने 42 क्वार्टर सहित दो व्यक्तियों को पकड़ा है। शनिवार की रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि चुंगी नंबर 4 के पास दो संदिग्ध व्यक्ति कोई नशीला पदार्थ लेकर जा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने चरणदास निवासी पुरानीहाट व सरफराज निवासी भवानीराम को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 42 क्वार्टर देसी शराब बरामद की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। (संवाद)