जालौन। गांव में विकास कार्यों की जांच के दौरान हुए विवाद में कुछ लोगों ने गांव के प्रधान के साथ गालीगलौज व मारपीट कर दी। प्रधान ने दबंगों पर चाकू से हमला करने एवं ग्रामसभा के दस्तावेज ले जाने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दे दी है। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम प्रतापपुरा में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत गांव के लोगों ने डीएम से की थी। इस पर डीएम ने जांच टीम गठित कर दी थी। बुधवार को समाज कल्याण अधिकारी सचिव प्रियंका धीमान के साथ गांव में विकास कार्यों की जांच के लिए पहुंचे थे। गांव में स्थित प्राइमरी पाठशाला में जब जांच की जा रही थी। तभी वहां गांव के ही प्रकाशनारायण, सोमनाथ, सुमितनारायण, आशीष आदि साथियों के साथ आ गए और प्रधान दीपक श्रीवास्तव के साथ गालीगलौज करने लगे। मना करने पर सभी ने मिलकर प्रधान के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रधान का आरोप है कि उक्त लोगों उन पर चाकू से प्रहार किया गया। प्रधान पर हमले के बाद वहां अफरातफरी मच गई और जांच के लिए गई टीम वहा से निकल आई। जिसके बाद प्रधान ने कोतवाली पहुंचकर उक्त लोगों के खिलाफ तहरीर दी। प्रधान ने आरोप लगाया कि दबंग उनके विकास कार्यों से संबंधित दस्तावेज अपने साथ ले गए हैं। वहीं, प्रधान के साथ हुई मारपीट की खबर सुनकर कोतवाली में ब्लॉक क्षेत्र के अन्य गांवों के प्रधान भी पहुंच गए थे। इस पर कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान की तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो पाया गया उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।