कालपी। मुख्य बाजार में निगरानी व अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अफसर दुकानदारों के बीच पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से रात में चौकीदारों की व्यवस्था करने और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए कहा। मंगलवार को कालपी के मुख्य बाजार में दो दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया था।
मुख्य बाजार में टरननगंज पुलिस चौकी बनी हुई है। सराफा बाजार, खोवा मंडी, टरननगंज चौराहा, फुल पावर चौराहा पर पिकेट ड्यूटी रहती है। व्यापारी रात में अपने प्रतिष्ठान की सुरक्षा व निगरानी के लिए चौकीदार नहीं रखे हैं।
पहले बाजार की दुकानों की रात में निगरानी व सुरक्षा के लिए चौकीदार लगे थे। मेहनताना न मिलने पर चौकीदारों ने रात में ड्यूटी करने से किनारा कर लिया है। सीओ रामसिंह और कोतवाल जितेंद्र कुमार सिंह बाजार में दुकानदारों के बीच पहुंचे।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि व्यापारी सामूहिक रूप से एक चौकीदार रात में दुकानों की निगरानी के लिए रख लें। इससे उनके प्रतिष्ठानों की निगरानी तथा सुरक्षा होती रहेगी। दुकानदारों ने चौकीदारों व सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था पर सहमति जताई।