मासूम की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन
- फोटो : ORAI
उरई। बुखार से पीड़ित सात वर्षीय मासूम की प्राइवेट क्लीनिक में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिकित्सक को हिरासत में लिया है।
हमीरपुर जनपद के जरिया थाना क्षेत्र के जमोवड़ी गांव निवासी सुरेश शहर के मोहल्ला राजेंद्र नगर स्थित हनुमान चबूतरा के पास किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता है। बुधवार सुबह उसकी सात वर्षीय पुत्री ज्योति को बुखार आ गया।
परिजन उसे लेकर मोहल्ले के ही एक प्राइवेट क्लीनिक पर पहुंचे। डॉक्टर फूलसिंह राजपूत ने उसे इंजेक्शन लगाकर दवा दी। इसके बाद परिजन उसे घर ले गए।
घर पहुंचते ही उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर क्लीनिक पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों के हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिकित्सक को हिरासत में लेकर जांच की बात कही है।