जालौन। अवैध वसूली का विरोध करने पर बदमाशों ने बस में सवार बरातियों से मारपीट की और चालक व रिश्तेदार से रुपये भी छीन लिए। पुलिस ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को पकड़ा और उनके पास से छीने गए रुपये भी बरामद किए। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने एसओजी सिपाहियों की गाड़ी को भी टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों समेत 10 लोगों के खिलाफ अवैध वसूली व अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर निवासी फूल सिंह पाल अपने बेटे श्याम सिंह की बरात निजी बस से उरई से मध्यप्रदेश के ग्वालियर लेकर जा रहे थे। बरातियों ने पुलिस को बताया कि देवनगर चौराहे के पास कुछ लोगों ने अवैध वसूली के लिए बस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। इस पर बदमाशों नेे बस का पीछा किया। आरोप है कि छिरिया सलेमपुर गांव के कुछ युककों से कहकर बस के सामने लोडर खड़ा कराकर उसे रोक लिया गया। इसके बाद पीछे से आए करीब दस लोग बस में चढ़े और अभद्रता करते हुए चालक परिचालक से मारपीट की।
विरोध पर बस में तोड़फोड़ करते हुए बरातियों को भी पीटा। इससे बस में चीख पुकार मच गई। फूल सिंह ने बताया कि इसी दौरान युवकों ने बस में एक रिश्तेदार से 2700 रुपये एवं चालक से 2500 रुपये छीन लिए। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। एसओजी टीम ने अपनी गाड़ी से बदमाशों का पीछा किया तो भिटारा गांव के पास कार सवार बदमाशों ने एसओजी के गाड़ी को भी टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। आखिर में एसओजी ने चार कार सवार सोनू सेंगर, गोलू सेंगर, अंकित कुशवाहा, अभिषेक दीक्षित को पकड़ लिया। उनके पास से लगभग 24 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस ने पकड़े गए लोगों समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।