उरई (जालौन)। बेसिक शिक्षा मंत्री की फर्जी फेस बुक आईडी बनाकर पोस्ट डालने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की है। कुठौंद थाना प्रभारी अरुण तिवारी का कहना है कि फिलहाल तो उन्हें आरोपी के बारे में अधिक जानकारी नहीं है, उसका पता कर कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ से जालौन पुलिस को शिकायत मिली थी कि कुठौंद निवासी अर्जित दुबे पुत्र संदीप की ओर से बेसिक शिक्षा मंत्री की फर्जी फेसबुक आईडी से कुछ पोस्ट डाली गई है। जिसकी जांच जालौन सीओ विजय आनंद कर रहे थे। सीओ ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद कुठौंद पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पर थाना पु्िलस ने आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि एफआईआर साइबर क्राइम लखनऊ के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद मुस्लिम खां की ओर से दर्ज कराई गई है। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि आरोपी नाबालिग है। फिलहाल वह घर पर भी नहीं है।