उरई (जालौन)। बीमा पॉलिसी के भुगतान का झांसा देकर आरपीएफ इंस्पेक्टर रामअवतार से साइबर ठग ने दो लाख 10 हजार रुपये ठग लिए। इंस्पेक्टर की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने एक नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
राम अवतार उरई स्टेशन में आरपीएफ के प्रभारी हैं। रविवार को कोतवाली में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि एक कंपनी में बीमा करवाया था। मार्च महीने उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने बीमा लोकपाल कार्यालय का कर्मचारी बताया। उसने बीमा पालिसी की मियाद पूरी होने की जानकारी दी और कहा कि अतिरिक्त भुगतान चाहते हैं तो कुछ और पालिसियां करानी होंगी।
इस पर आरपीएफ इंस्पेक्टर ने आठ दस पालिसियों के लिए पैसा जमा कर दिया। काफी दिन बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इंस्पेक्टर ने मुंबई निवासी शेखर त्यागी व आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।