कुठौंद। औरैया से लौट रहे एक दंपती के साथ रास्ते में लूट हो गई। औरैया और जालौन के बॉर्डर पर कंझारी चौकी व जालौनी माता मंदिर के पास दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने पहले दंपती की बाइक रोकी। फिर तमंचे के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। पति ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी। गोली युवक के दायीं बांह में लगी। जेवर और मोबाइल लेकर बदमाश औरैया की ओर फरार हो गए। बार्डर क्षेत्र का मामला होने की वजह से फिलहाल दोनों ही जिलों की पुलिस वारदात अपने थाना क्षेत्र में नहीं होने की बात कह रही है।
रामपुरा के थाना बड़ी ऊमरी गांव के रहने वाले सोनू अपनी पत्नी झलक के साथ ससुराल औरैया के अयाना थाना क्षेत्र के धनुपुरा गांव में एक हल्दी रस्म के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रविवार की शाम दोनों घर लौट रहे थे। देर शाम वह जालौनी माता मंदिर के पास जब पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक रोक ली। बदमाश चेहरे पर कपड़ा लपेटे थे।
पीड़ित दंपती के अनुसार, बदमाशों ने फौरन तमंचा निकाला और जेवर उतारने के लिए कहा। इसके बाद सोने की अंगूठी, जंजीर, कंधनी और बाइक की चाबी छीन ली। कान से बाला छीनने के दौरान महिला के कान में चोट आ गई। इस पर पति ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके सीने की ओर चलाई थी, लेकिन वह जैसे ही हटा तो गोली उसके दायीं बांह में लगी। उसके बाद बदमाश मौके से औरैया की ओर भाग गए। बदमाशों ने सोनू का मोबाइल भी छीन लिया। पीछे से आ रहे लोडर चालक ने उन्हें आबादी क्षेत्र में उतारा। वहां से वह अस्पताल पहुंचे। सीओ जालौन राम सिंह ने बताया कि मामला औरैया जिले के थाना क्षेत्र में आता है।