रामपुरा। नगर के मुख्य बाजार स्थित राजेंद्र नगर में किराए की दुकान को लेकर विवाद झड़प में बदल गया। पीड़िता मोहनी पत्नी राजेश कुमार ने आरोप लगाया है कि 11 माह के किरायानामा की अवधि पूरी होने से पहले ही दुकान खाली कराने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट की गई और बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की गई।
पीड़िता ने थाना रामपुरा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दुकान 11 माह के लिए 3,000 प्रतिमाह किराये पर ली गई थी। आरोप है कि शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे दुकान खाली कराने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान लब्बू कुशवाहा, चंद्रसुखी समेत अन्य लोगों ने उसके पति राजेश कुमार की पिटाई की।
मोहनी का आरोप है कि जब वह पति को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, दुकान खाली न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में मोहनी और उसके पति राजेश कुमार घायल हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। (संवाद)