उरई। जिले में कोरोना ने दस्तक दे दी है। एक बुजुर्ग परचून दुकानदार कोरोना संक्रमित मिला है। मेडिकल कॉलेज में हुई जांच में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। शहर के हड्डी मील के पास सिद्धि विनायक हॉस्पिटल के पास परचून की दुकान किए सफीउल्ला (60) को बुखार होने पर मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां एंटीजन जांच में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जिले में इस साल का पहला केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
जिला प्रशासन की ओर से देर शाम जारी रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 279 लोगों की एंटीजन जांच कराई गई। इसमें एक बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ एनडी शर्मा ने बताया कि अब तक 779973 लोगों के सैंपलों की जांच हो चुकी है। इसमें 13877 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 208 की मृत्यु हो चुकी है। फिलहाल एक एक्टिव केस है। जिले में कोरोना का केस मिलने के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। अस्पताल में मास्क पहनने की अनिवार्यता कर दी गई है। लोग भी प्रोटोकॉल का पालन करें। गुरुवार को 147 लोगों के सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। अब जांचों का दायरा बढ़ाया जाएगा।