जालौन। शुक्रवार रात 8 बजे से कोरोना कर्फ्यू शुरू हो गया है। शनिवार, रविवार को भी सभी बाजार और दुकानें बंद रहेंगी। चूंकि नगर में सोमवार को भी बाजार बंदी रहती है इसलिए अब मंगलवार को ही बाजार खुलेगा।
प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान कोई व्यक्ति दुकान खोलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मेडिकल स्टोर व दूध के स्टोर खुले रहेंगे। इसके अलावा अन्य सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहेंगे।
वहीं, बागवान समाज सेवा समिति के अध्यक्ष अशफाक राईन ने मांग की है कि सप्ताहांत लगने वाले कोरोना कर्फ्यू में सब्जी व फल की दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाए ताकि लोगों को फल व सब्जी उपलब्ध हो सके। पिछली बार रविवार को हुए कोरोना कर्फ्यू में ठिलिया लेकर मोहल्लों में सब्जी बेचने वाले दुकानदारों ने अधिक दामों पर सब्जी बेची थी। इससे लोग परेशान हुए थे।
कोंच संवाद के अनुसार, कोविड के लगातार बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात्रि 8 बजे से सोमवार की सुबह 7 बजे तक बंदी रहेगी इस दौरान कोई भी बिना जरूरत व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकले। आवश्यक चीजों को छोड़कर सभी प्रकार के व्यावसायिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रहेंगी। नियमों का उल्लघंन करने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।