कोंच। पालिका बोर्ड की बैठक शनिवार को पालिका के सभाकक्ष में हुई। जिसमें लगभग दो करोड़ के निर्माण कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए हैं। पालिका कार्यालय के सामने पुराने अस्पताल में स्थित पार्क में योगा भवन बनाने पर भी सहमति बनी है।
पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता एवं विधायक मूलचंद्र निरंजन के मुख्य आतिथ्य में शनिवार दोपहर पालिका बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न सभासदों ने अपने अपने वार्डों में नाली, इंटरलॉकिंग, सीसी, जाली आदि निर्माण कार्य कराए जाने के लिए प्रस्ताव सदन के पटल पर रखे। ऐसे ही करीब दो करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित कर दिए गए हैं।
इन्हीं में योग भवन भी शामिल है, हालांकि अभी इसका आगणन नहीं बन पाया है लेकिन जल्द ही सुबह टहलने वालों को यह सौगात मिल सकती है। बैठक के बीच ही मानिक चौक बाजार के तमाम दुकानदार अपनी समस्या लेकर पहुंचे जिनमें आपस में हुई कहासुनी से थोड़ी देर तक माहौल गर्म रहा।
इस दौरान ईओ पवन किशोर मौर्य, जीवन बाबू, विजय अवस्थी, सभासद अमित यादव, महेंद्र सिंह कुशवाहा, मनोज इकड़या, अनिल वर्मा, रविकांत कुशवाहा, रघुवीर कुशवाहा, आजाद उद्दीन, खुशबू जाटव, शादाब सहित तमाम सभासद मौजूद रहे। बैठक में सांसद, एमएलसी, सभासद नंदिनी कुशवाहा, सीमा यादव आदि अनुपस्थित रहे।