कालपी में हाईवे पर सड़क मरम्मत काम होता हुआ
- फोटो : ORAI
कालपी। जाम की समस्या से निपटने के लिए एसडीएम जयेंद्र कुमार ने हाईवे के अधिकारियों को सर्विस लेन की सड़क को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए है। एसडीएम के निर्देश के बाद हाईवे के अधिकारियों ने सर्विस लेने के मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है।
अधूरे हाईवे पर आए दिन जाम लगने की समस्या को एसडीएम जयेंद्र कुमार ने गंभीरता से लिया। चार्ज लेने के तीसरे दिन ही उन्होंने हाईवे व पुलिस अधिकारियों से जाम की समस्या को लेकर चर्चा की और दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान यातायात को सुचारु रखने के लिए सर्विस लेन का ठीक होना अति आवश्यक है, जिससे की यातायात सुचारु बना रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सर्विस लेने में जो भी मरम्मत का कार्य शेष है उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
साथ यह भी निर्देश दिए कि अधूरे हाईवे पर चौबीसों घंटे क्रेन खड़ी करने की व्यवस्था की जाए, जिससे खराब वाहनों को तत्काल हटाया जा सके। एसडीएम के निर्देश के बाद कोतवाल शिवगोपाल, फोरलेन निर्माण के इंजीनियर फरीद अंसारी ने अपनी देखरेख में सर्विस लेन की मरम्मतीकरण का कार्य शुरू कराया। जेसीबी से हाईवे का दलदल भी साफ कराया गया व गड्ढे भरवाए गए। कोतवाल ने बताया कि हाइवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है अभी काम पूरा होने में तीन से चार माह का समय लग सकता है। तब तक जाम न लगे इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।