सफाई कर्मचारियों को समझाते कोटरा थानाध्यक्ष व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी
- फोटो : ORAI
एट/कोटरा। कोटरा नगर पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारी से सिपाही ने लॉकडाउन के उल्लंघन का आरोप लगाकर अभद्रता की। सफाई कर्मी ने अपने अन्य साथियों को जानकारी दी तो साथियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर सफाई कार्य बंद कर दिया। सूचना पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी और थानाध्यक्ष रमेशचंद्र मिश्रा ने समझा-बुझाकर सफाई कार्य बहाल कराया गया।
कोटरा नगर पंचायत में सफाईकर्मी हरगोविंद पुत्र लल्लू वार्ड में लॉकडाउन के समय सफाई कार्य कर रहा था तभी कोटरा थाने में तैनात सिपाही ने सफाईकर्मी से अभद्रता कर गालीगलौज कर मारपीट कर दी और वहां से भगा दिया सफाईकर्मी ने जब नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचकर अपने अन्य साथियों को बताया तो सभी सफाई कर्मचारी लामबंद होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर पंचायत परिसर में धरने पर बैठ गए और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना पाकर नगर पंचायत में तैनात अधिशासी अधिकारी प्रद्युम्न कुमार ने उक्त बात अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराई जिस पर उच्च अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेकर तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक को नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचकर मामले को शांत कराने के लिए कहा। अधिशासी अधिकारी एवं थाना प्रभारी पहुंचे और सफाई कर्मचारियों से कहा कि कुछ गलतफहमी होने की वजह से सिपाही से जो गलती हुई है उसके लिए हम क्षमा मांगते हैं और आगे से कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी सफाई कर्मचारियों के साथ उत्पीड़न नहीं करेगा।
अधिशासी अधिकारी प्रद्युम्न कुमार ने कहा कि जाने अनजाने में कभी गलतियां हो जाती है हम सबको मिलकर अपने दायित्व का निर्वहन करना है आपको कोरोना जैसी महामारी से बचने के लिए लोगों को जागरूक भी करना है। इसलिए अपनी जिम्मेदारी से निभाए आगे से किसी भी सफाई कर्मचारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। तब जाकर मामला शांत हुआ और सफाई कर्मचारी अपने-अपने काम पर लौटे।