फोटो-21-बैठक में मौजूद कांग्रेसी। स्रोत-पार्टी
उरई। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक शुक्रवार को शहीद भवन स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह सेंगर ने की, जबकि संचालन शहर अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने किया।
बैठक में ब्लॉक, मंडल, वार्ड एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। बताया गया कि करीब 80 प्रतिशत बूथ कमेटियों का गठन पूरा हो चुका है। पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मंडल स्तर पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करें और संगठन को मजबूत बनाएं। बैठक में रामपुरा नगर का एक अहम मुद्दा भी उठाया गया, जिसमें किसानों के खेतों के बीच से नाला खोदे जाने का विरोध किया गया। बताया गया कि इस संबंध में जिलाधिकारी, एसडीएम माधौगढ़, तहसीलदार व कोतवाल को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है और मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया है, इसके बावजूद कार्य जारी है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष भगवानदीन निषाद सहित कई पदाधिकारी मौके पर धरने पर बैठे हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि कार्य नहीं रोका गया तो जिला स्तर पर आंदोलन कर जिलाधिकारी का घेराव किया जाएगा। बैठक में शुभांशु सिंह, शकुंतला तिवारी, रामराज सिंह, अनिल यादव, धर्मेंद्र सलोनिया, कमल दोहरे आदि मौजूद रहे। (संवाद)