जालौन में इन दुकानों में हुई चोरी
- फोटो : ORAI
जालौन। सर्दी के मौसम में चोरों ने ज्वालागंज में दो दुकानों को निशाना बनाकर गुल्लक में रखे 55 हजार रुपये के सिक्के व किराने का सामान पार कर दिया। पीड़ित दुकानदारों ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला धर्मशाला निवासी अनिल कुमार गुप्ता व तोपखाना निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी किराने की दुकान ज्वालागंज में स्थित है। बुधवार रात करीब 8 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोर दुकानों के ऊपर लगे टिन शेड के बोल्ट काटकर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान की गुल्लक में रखे क्रमश: 25 हजार व 30 हजार के 10 व 5 रुपये के सिक्के चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि बैंक के कर्मचारी अधिक सिक्के लेने से इंकार कर देते हैं।
जिससे सिक्के मजबूरी में उन्हें दुकान में ही रखने पड़ते हैं। इन सिक्कों को चोर चोरी कर ले गए। इसके अलावा कुछ किराने का सामान भी चोरी गया है। पीड़ित दुकानदारों की तहरीर पर पुलिस ने मौके का मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू की। वहीं, दुकानदार अनुराग बहरे, रामजी अग्रवाल आदि ने रात में बाजार में पिकेट ड्यूटी बढ़ाने की मांग की है। ताकि चोर दुकानों में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम न दे सकें।