फोटो-11-कोंच में विमल क्लीनिक व तृप्ति मेडिकल स्टोर को सील करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
कोंच। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को मारकंडेश्वर तिराहे के पास संचालित विमल क्लीनिक और तृप्ति मेडिकल स्टोर पर छापा मारा, अनियमितताएं मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल सील कर दिया।
एसीएमओ डॉ. अरविंद भूषण के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विमल क्लीनिक में चिकित्सक की अनुपस्थिति में एक अन्य व्यक्ति मरीजों का उपचार करते मिला। यहां आंखों का इलाज भी किया जा रहा था। टीम ने उपचार व्यवस्था और आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की, जिसमें अनियमितताएं सामने आईं। वहीं तृप्ति मेडिकल स्टोर के निरीक्षण में पंजीकृत फार्मासिस्ट की गैरमौजूदगी में एक अन्य व्यक्ति मरीजों को दवाएं वितरित करता मिला। इसे दवा बिक्री संबंधी नियमों का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने कार्रवाई की।
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए एसीएमओ ने दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल सील करा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना योग्य चिकित्सक या पंजीकृत फार्मासिस्ट के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने अथवा दवाओं का वितरण करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।