उरई। आनलाइन टीचिंग की मानीटरिंग और डाटा फीडिंग में लापरवाही बरतने पर डीआईओएस ने अपने कार्यालय के लिपिक विष्णुदत्त शर्मा का अप्रैल माह का वेतन रोक दिया। इसके अलावा निर्धारित प्रारूप के अनुसार सूचनाएं न देने पर 51 विद्यालयों के संचालकों व प्रधानाचार्यों को नोटिस भी जारी किया गया है।
डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि ऑनलाइन टीचिंग की ब्लाकवार मानीटरिंग के लिए लिपिकों की तैनाती की गई थी। विष्णुदत्त शर्मा को 19 विद्यालयों की जिम्मेदारी दी गई थी लेकिन उन्होंने सिर्फ 6 विद्यालयों का डाटा फीड किया। फीड किए गए डाटा में भी त्रुटियां पाई गईं। लापरवाही बरतने पर उनका अप्रैल माह का वेतन रोक कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा ऑनलाइन पढ़ाई और आरोग्य एप के बारे में मांगी गई सूचना न देने पर 51 विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें जिला मुख्यालय के दो दर्जन विद्यालय भी शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित प्रारूप पर मांगी गई सूचनाएं हर हालत में रोजाना दो बजे तक आनलाइन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी।