उरई। जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में स्वच्छ ढाबा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता के सभी मानक पूरे करने वाले ढाबा, रेस्टोरेंट संचालकों को सम्मानित किया जाएगा। शहर में बने ढाबों और रेस्टोरेंट को स्वच्छता के मानकों को परखा जा रहा है, उसी के आधार पर ढाबा-रेस्टोरेंट की रैंकिंग तय की जाएगी।
स्वच्छ ढाबा अभियान एक जनवरी से शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के लिए कई टीमें गठित की गईं हैं। इसके साथ ही ढाबों में स्वच्छता के लिए प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में शामिल ढाबों की सफाई और रखरखाव का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। इसके बाद टीम स्वच्छता संबंधी मानकों पर खरा उतरने वाले ढाबों की रैंकिंग के आधार पर प्रशासन की ओर से प्रमाणपत्र देकर उन्हें सम्मनित किया जाएगा।
नगर पालिका प्रभारी ईओ गणेश प्रसाद का कहना है कि ढाबों से निकलने वाले अपशिष्टों के सही ढंग से निस्तारण कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
- अपशिष्ट निस्तारण की समुचित व्यवस्था
- सूखे और गीले कूड़े के लिए अलग डस्टबिन
- सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं
- साफ-स्वच्छ शौचालय