कुठौंद। थाना क्षेत्र के मदनेपुर गांव में ईको गाड़ी की टक्कर से घायल तीन वर्षीय मासूम दिव्यांशी की उपचार के दौरान मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही अहमदाबाद में रह रहे पिता गांव पहुंच गए। घटना के वक्त बच्ची घर के बाहर खेल रही थी।
थाना क्षेत्र के मदनेपुर निवासी चंद्रशेखर की तीन संतानें हैं। मंगलवार को उनकी तीन वर्षीय बेटी दिव्यांशी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव के अंदर से तेज रफ्तार में गुजर रही ईको गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को उसके चाचा सत्येंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद ले गए थे। वहां चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दुर्घटना में शामिल ईको गाड़ी को पकड़ लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।