उरई। झांसी-कानपुर रेलमार्ग के उरई भुआ सेक्शन में भुआ स्टेशन के पास इमिलिया रेलवे क्रॉसिंग नंबर 177 के पास झांसी से कानपुर जाने वाले ट्रैक पर दो युवक लेट गए। उसी वक्त ग्वालियर से बरौनी जाने वाली बरौनी मेल आ रही थी। चालक ने युवकों को ट्रैक पर लेटे देखकर ट्रेन खड़ी कर ली। चालक उतरता तब तक दोनों युवक भाग गए। इसके चलते ट्रेन बीस मिनट तक खड़ी रही।
बता दें, रविवार शाम चार बजे ग्वालियर से बरौनी जाने वाली बरौनी मेल जब इमिलिया रेलवे क्रॉसिंग नंबर 177 के पास से गुजर रही थी। तभी चालक ने रेलवे ट्रैक पर दो युवकों को लेटा देखा। चालक ने हार्न बजाया पर वे नहीं उठे तो इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। जैसे ही चालक और सह चालक इंजन से नीचे उतरे।
दोनों युवक ट्रैक से उठकर भाग खड़े हुए। चालक ने इसकी सूचना भुआ रेलवे स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस विकास त्रिपाठी और कंट्रोल रूम झांसी को दी। इसके चलते ट्रेन लगभग 20 मिनट खड़ी रही। हालांकि डिप्टी एसएस में बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। युवक कौन थे, इसका पता किया जा रहा है।