उरई। झांसी कानपुर रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। मंगलवार को छपरा मेल व कटिहार एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। अंत्योदय एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से आईं। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी हुई।
मंगलवार को ग्वालियर से बरौनी व बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल, कटिहार से मुंबई जाने वाली कटिहार मुंबई एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। गोरखपुर से मुंबई जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस (12597) निर्धारित समय से 7 घंटा 16 मिनट देरी से आई। पुणे से दानापुर स्पेशल ट्रेन (01481) 8 घंटा 8 मिनट, मुंबई से दानापुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन (01017) दानापुर एक्सप्रेस ढाई घंटा, आजमगढ़ से मुंबई जाने वाली संत कबीरनगर एक्सप्रेस (20104) 2 घंटा, गोरखपुर से मुंबई की ओर जाने वाली स्पेशल ट्रेन (01080) साढ़े पांच घंटा देरी से आई। कोंच सरसोकी शटल के मार्ग में कटौती की गई। ट्रेनों की लगातार देरी से आने के चलते यात्रियों को परेशानी हो रही है। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ट्रेनों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। (संवाद)