उरई(जालौन)। चुर्खी थाने में चौकीदार से मालिश कराते सिपाही का वीडियो वायरल हुआ है। इससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में थाने के भीतर सिपाही चौकीदार से पैर दबवाते और सिर , कंधे की मालिश कराते दिखाई दे रहा है। एसपी यशवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अवधेश सिंह को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को चुर्खी थाने से वायरल वीडियो में कुर्सी पर आधा लेटा सिपाही बुजुर्ग चौकीदार से कभी अपने पैर दबवाते तो कभी कंधे और सिर की मालिश कराते दिख रहा है। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो शाम के वक्त एसपी ने पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंप दी। एएसपी का कहना है कि सिपाही और चौकीदार दोनों से वीडियो के बाबत पूछताछ की जाएगी। सिपाही दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है। इससे पहले भी जनपद में कदौरा और आटा थानेदारों के वीडियो और आडियो वायरल हो चुके हैं। इस पर दोनों के खिलाफ लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई थी। वहीं चुर्खी क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। चौकीदार गांव, कस्बे में चौकीदार कम थाने-चौकी में दरोगाओं और सिपाहियों की सेवा ज्यादा करते नजर आते हैं।