बगिया की मस्जिद में मौलवी की जांच करता स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : ORAI
उरई/कालपी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलौली के मजरा बगिया की मस्जिद में क्वारंटीन 14 जमातियों का फिर से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सीय टीम ने चार जमातियों को रेंडम जांच (दिन में बीच-बीच में शारीरिक जांच पड़ताल) के लिए उरई मेडिकल कालेज भेजा है।
गैर जनपदों के तब्लीगी जमात के 14 लोग धर्म प्रचार के लिए 25 मार्च को ग्राम बगिया में पहुंचे थे। इसी दौरान कोरोना वायरस की वजह से 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित हो गया, जिससे जमात के सदस्यों को बीती 31 मार्च को बगिया स्थित मस्जिद में क्वारंटीन कर दिया गया था। प्रशासन ने सभी लोगों का डॉक्टरी परीक्षण कराया तो सभी लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। शुक्रवार को चिकित्साधिकारी डा. अशोक कुमार की मौजूदगी में डाक्टरों की टीम ने दोबारा परीक्षण कराया। डाक्टरों की टीम ने चार जमातियों को रेंडम जांच कराने के लिए एंबुलेंस से मेडिकल कालेज भेजा। इस दौरान लेखपाल मुन्ना सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लल्लू बेग, दरोगा गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। डाक्टरों के मुताबिक, फिलहाल चारों जमातियों को मेडिकल कालेज में ही क्वारंटीन किया गया है।
अहमदाबाद से लौटा परिवार भी शिफ्ट
जालौन। करीब एक सप्ताह से क्वारंटीन में रखे गए खर्रा गांव के एक ही परिवार के चार सदस्यों को भी मेडिकल कालेज शिफ्ट किया गया है। यह सभी तीन अप्रैल को अहमदाबाद से लौटे थे। जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें 14 दिन तक घर में ही क्वारंटीन रहने की सलाह दी थी। चिकित्सक की सलाह न मानने और सर्दी, जुकाम में सुधार न होने पर दंपति और उनके दोनों बच्चों को उरई मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन किया गया।
दुकानदार पर लाकडाउन उल्लंघन की कार्रवाई
जालौन। कोतवाली पुलिस लगातार लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए प्रयास कर रही है। लॉकडाउन के दौरान गैर जरूरी चीजों की दुकान खोलकर सामान बेच रहे दुकानदार अनवार अहमद निवासी नारोभास्कर को पकड़कर पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है।