विजेता खिलाड़ी को शील्ड देते सीओ
- फोटो : ORAI
जालौन। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा में निखार आता हैं। हार जीत से निराश या अति उत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है। बल्कि आगे की तैयारियों में मन से जुट जाएं। यह बात ग्राम इटहिया में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन पर सीओ सुबोध गौतम ने कही। प्रतियोगिता का फाइनल छानी की टीम ने इटहिया की टीम 28-25 से हराकर जीता।
ग्राम इटहिया में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में 14 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच छानी व इटहिया के बीच हुआ। जिसमें छानी की टीम ने 28 का स्कोर किया जबकि इटहिया की टीम मात्र 25 का स्कोर की कर सकी। कांटे के मैच में इटहिया की टीम को हराकर छानी की टीम विजेता बनी। मुख्य अतिथि सीओ सुबोध गौतम ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में होने वाली इन प्रतियोगिताओं से छिपी हुई प्रतिभाओं की खोज होती है। इन्हीं में से आगे चलकर खिलाड़ी राज्य व देश के लिए खेलकर नाम रोशन करते हैं। सीओ ने विजेता टीम को 5100 रुपये नगद एवं शील्ड प्रदान की। आयोजक मंडल के अध्यक्ष प्रद्युम्न दीक्षित ने कहा कबड्डी का खेल पौराणिक मान्यताओं से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए इसमें रुचि दिखाते रहना चाहिए। इस दौरान शिव सेवक विश्वकर्मा, रामजी नगाइच, धर्मेंद्र दीक्षित, मुरारी दीक्षित, प्रदीप दीक्षित, हरिओम दीक्षित, रज्जन चिरवारिया, रविकांत दीक्षित, रोहित दीक्षित, दीपक गुबरेले, गणेश मुन्ना भाई, जयशंकर दीक्षित, राहुल दीक्षित आदि मौजूद रहे।