उरई। सुबह स्कूटी से टहलने निकले युवक की आंखों में दो लोगों ने मिर्ची झोंक दी और उसके गले में पड़ी दो सोने की चेन व जेब में पड़ा पर्स छीनकर भाग गए।
युवक के शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। स्वस्थ्य होने पर उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चौरसी गांव निवासी राकेश बाबा उर्फ जितेंद्र तोमर शनिवार की सुबह करीब छह बजे प्रतिदिन की तरह स्कूटी से टहलने के लिए निकला। वह कुछ ही दूरी चला था कि दो लोग हाथों में झांकड़ लेकर आए और स्कूटी के सामने डाल दिए। वह कुछ समझ पाता इससे पहले ही एक ने उसकी आंखों में मिर्ची झोंक दी और युवक के गले में पड़ी दो सोने की चेन व जेब में पड़े पर्स में लगभग सात हजार रुपये निकालकर भाग गए।
शोर सुन दौड़े लोगों ने उसकी हालत बिगड़ती देख उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां उसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। युवक ने बताया कि वह बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाता है। एएसपी असीम चौधरी का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच-पड़ताल की जा रही है।