बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से शहरियों को दीवाली का त्योहार
अंधेेरे में मनाना पड़ सकता है। सब स्टेशन में आग लगने के बाद जिस गति से
मरम्मत कार्य चल रहा है, उसे देखते हुए शहर वासी भी चिंतित हैं कि कहीं इस
बार की दीवाली अंधेरे में ही न मनानी पड़े।
पिछले दिनों कालपी रोड
स्थित पावर हाउस में आग लग गई थी। इसमें पावर हाउस की सभी मशीनें जल गई
थीं। हादसे के 24 घंटे के अंदर झांसी से नई मशीनें भी आ गई थीं। विभागीय
अधिकारियों की लापरवाही से पांच दिन बाद भी नई मशीनों को लगाने और पुरानी
मशीनों की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं किया जा सका है। इसके चलते अब तक
बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी है। पांच दिनों से वैकल्पिक
व्यवस्था के आधार पर ही शहर को बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस दौरान
24 घंटों में शहरियों को मात्र पांच या छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
त्योहार का समय होने के कारण इस वक्त लोगों को बिजली की सख्त आवश्यकता है।
ऐसे में निर्धारित रोस्टर के
अनुरूप भी बिजली न मिल पाना बड़ी समस्या पैदा
कर रहा है। जिस तरह से राहत कार्य चल रहा है, उस हिसाब से तो शहरवासियों को
दीवाली अंधेरे में ही मनाना पड़ सकती है। बिजली विभाग के अधिकारियों की
लापरवाही के चलते शहरवासियों को अभी कई और दिन बिजली समस्या से जूझना
पड़ेगा।
पानी को तरसे शहरी
बिजली समस्या से शहरवासी पानी तक के
लिए तरस रहे हैं। आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। तड़के ही दिन भर के
पानी का जुगाड़ करना शहरवासियों की रोजमर्रा की जीवनशैली में शामिल हो चुका
है। जो इलाके नलकूपों से होने वाली पानी सप्लाई के सहारे हैं, वहां पर
एक-एक बूंद पानी के लिए संघर्ष हो रहा है। मोहल्लों में लगे सरकारी
हैंडपंपों पर पानी को लेकर मारामारी की स्थिति है। इसके बावजूद बिजली
अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
करोड़ों का व्यापार चौपट
बिजली
व्यवस्था पटरी से उतरी होने के कारण शहर का लाखों रुपये का कारोबार भी
बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों को दिन ढलते ही अपने प्रतिष्ठान
बंद करने पड़ते हैं। इसके चलते व्यापारियों को नुकसान तो हो ही रहा है, साथ
ही ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। साढ़े पांच बजे सूरज ढलने के बाद
अंधेरा छा जाता है। ऐसे में व्यापारी बिजली आने के इंतजार में बैठे रहते
हैं, लेकिन फिर मायूस होकर प्रतिष्ठान बंद करने पर विवश होते हैं।
वर्जन
बिजली
आपूर्ति निर्बाध रूप से चालू करने के लिए राहत कार्य जारी है। जल्द ही
कार्य पूरा करके बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। जल्द से जल्द बिजली
आपूर्ति शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। - एसएस प्रसाद, अधीक्षण
अभियंता