कालपी। नगर पालिका परिषद के सभागार में गुरुवार को अध्यक्ष की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित हुई। इसमें नगर के विकास, सुरक्षा व्यवस्था और पालिका की आय बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें 30 प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय भी शामिल है।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के पुनरीक्षित आय-व्यय बजट को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही मार्च से सितंबर 2026 तक सात माह के मासिक आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। भवन निर्माण के नक्शों पर भी विचार-विमर्श किया गया। नगर क्षेत्र में व्यावसायिक वाहनों से माल की लोडिंग-अनलोडिंग पर प्रचलित नियमों के तहत निर्धारित शुल्क वसूलने के प्रस्ताव पर सहमति जताई गई। इससे पालिका की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
नगर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए गाटा संख्या 1409, अदलसराय में वर्ष 2026-27 के तहत उपवन योजना से उपवन विकसित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं सेफ सिटी योजना के तहत नगर के प्रमुख 30 स्थानों, मुख्य मार्गों, बाजारों और विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी।
बैठक में अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, एकाउंटेंट हरभूषण सिंह चौहान, अतुल सिंह चौहान, राकेश यादव, रवींद्र वर्मा, कन्हैया मिश्रा, ज्योति विश्वकर्मा, वंदना दीक्षित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।