उरई। सीबीएसई बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई। इसके लिए जिले में 21 सीबीएसई स्कूलों के पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षाएं हो रही हैं।
वैसे तो जिले में सीबीएसई के 21 विद्यालय हैं लेकिन इनकी परीक्षाओं के लिए उरई मुख्यालय स्थित महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माॅर्निंग स्टार चिल्ड्रेन एकेडमी करमेर रोड, विनायक एकेडमी इंटरनेशनल सीनियर सेंकेंडरी स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय और बीकेडी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षाएं पूरी सख्ती के साथ हो रही हैं। जिन स्कूलों के जिस बैंक में खाता है, उसी बैंक में प्रश्नपत्र रखे गए हैं। जबकि परीक्षाओं के बाद उत्तर पुस्तिकाओं डाक विभाग के माध्यम से रीजनल आफिस कड़ी निगरानी में भेजी जा रही है। परीक्षाओं का समय सुबह 10 बजे से 1.30 बजे निर्धारित किया गया है। महर्षि विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य एएन सिंह का कहना है कि परीक्षाएं तो 15 फरवरी से शुरू हो गई हैं और पांच अप्रैल तक चलेंगी। मुख्य विषयों की परीक्षाएं 20 फरवरी से ही शुरू हुई हैं।
सोमवार को हिंदी कोर इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कड़ी निगरानी में हुईं। उन्होंने बताया कि केंद्र के प्रमुख को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। साथ ही एक अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भी बनाया गया है। यह केंद्र व्यवस्थापक उन स्कूलों का है, जिन्हें परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। इस बात का ध्यान रखा गया है कि उस केंद्र व्यवस्थापक का उस स्कूल में सेंटर नहीं गया हो। इसके अलावा सचल दल भी गठित किया गया है। परीक्षाएं पारदर्शिता से हो रही है।