फोटो- 01 जूनियर हाईस्कूल कुरौती में आग से जले पौधे,पराली में लगी आग।स्रोत संवाद।
- फोटो : टूंडला के राजा का ताल में जन आक्रोश रैली निकालते भाजपाइ्र संगठन
माधौगढ़। क्षेत्र में मंगलवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन दोनों घटनाओं में भारी नुकसान हुआ है।
पहली घटना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा दो गढ़ी गांव में हुई, जहां राजा भइया सिंह के पशुबाड़े में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लगभग 30 क्विंटल भूसा, पांच क्विंटल अनाज, छप्पर, चारपाई और कपड़े जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से दो बछिया भी झुलस गईं।
नायब तहसीलदार भुवनेंद्र कुमार ने बताया कि नुकसान का आकलन कराने के लिए लेखपाल को मौके पर भेजा गया है और पीड़ित किसान को सहायता राशि दिलाई जाएगी। दूसरी घटना जूनियर हाईस्कूल कुरौती के पास हुई, जहां ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के बाद आग लग गई। आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और विद्यालय परिसर तक फैल गई।
सूचना मिलते ही स्कूल स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए सिलिंडर और जरूरी कागजात सुरक्षित बाहर निकाल लिए, जिससे हादसा टल गया। इस आग में रज्जू भदौरिया की करीब 5 बीघा पराली जल गई, वहीं विद्यालय परिसर में लगे 18 पौधे भी नष्ट हो गए। इनमें अमरूद, शीशम, सागौन और जामुन के पौधे शामिल हैं। साथ ही समर केबल भी जल गई। प्रधानाचार्या आराधना भदौरिया ने बताया कि छुट्टी हो जाने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।