जानकारी देते सीनियर डीसीएम डॉ जितेंद्र कुमार
- फोटो : ORAI
उरई। लॉकडाउन के कारण घूमने न जा पाने वाले इस समय टिकट रिफंड लेने के लिए काउंटर पर चक्कर लगा रहे है। हालत यह रही कि टिकट काउंटर पर कैश की समस्या हो गई। इस पर रेलवे अधिकारियों को सूचना देकर कैश मंगाया गया और लोगों को रिफंड किया गया।
बता दें कि लॉकडाउन के कारण 31 मई तक ट्रेनों का संचालन ठप है। इस दौरान घूमने जाने वाले लोगों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। अब कोरोना के संक्रमण के कारण लोगों ने अपनी यात्रा स्थगित भी कर दी है। ऐसे में इस अवधि में न जा पाने के वाले टिकट रिफंड करा रहे है। जिस तेजी से रिफंड हो रहा है। उस तेजी से टिकट बुकिंग नहीं हो रही है। ऐसे में बुधवार को रिजर्वेशन काउंटर पर कैश की किल्लत हो गई।
टिकट रिफंड कराने पहुंचे मोहल्ला पटेलनगर के अनुराग त्रिपाठी का कहना है कि वे अपने परिवार व साथियों समेत 18 लोगों के टिकट थे। जिसका करीब 15 हजार रुपये रिफंड होना था लेकिन काउंटर पर बैठे कर्मचारी ने इतने रुपये कैश न होने की बात कही। साथ ही अगले दिन आने को कहा। कर्मचारी ने इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। झांसी मंडल के सीनियर डीसीएम डा. जितेंद्र कुमार का कहना है कि सभी रिजर्वेशन काउंटरों पर कैश भिजवा दिया है। उरई में भी आठ लाख रुपये कैश भेजा गया है। अब यात्रियों को रिफंड लेने में दिक्कत नहीं होगी।