कालपी। विवाहिता की मौत के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उरई के आदेश पर कालपी कोतवाली में पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम बड़ागांव निवासी श्रीराम हाल निवासी आलमपुर ने बताया कि उसकी बहन शांति देवी की शादी 10 मार्च 2014 को गुढापुरवा निवासी बाबू सिंह के साथ की थी। शादी में दान-दहेज भी दिया गया था। विवाहिता के तीन बच्चे हैं। आरोप है कि पति बाबू सिंह शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। साथ ही अपने भाई की मौत के बाद वह अपनी भाभी से शादी करने की बात कहकर शांति देवी को प्रताड़ित करता था। परिजनों के अनुसार 8 जनवरी 2026 को शांति देवी की मौत की सूचना मिली। इस मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से कालपी कोतवाली पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद सहित पांच ससुरालीजनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। (संवाद)