आटा। एमजेएच महाविद्यालय में 58 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रसन्न सक्सेना के नेतृत्व में कैडेट्स को अनुशासन, सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके सिखाए गए।
शिविर में कैडेट्स को अग्निशमन, यातायात नियमों, शस्त्र संचालन और स्वच्छता का प्रशिक्षण मिला। कालपी अग्निशमन केंद्र के सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार नायक की टीम ने आग से बचाव के उपाय बताए और उपकरणों का प्रदर्शन किया। थाना आटा के एएसआई अविनाश मिश्रा और यातायात पुलिस के सब इंस्पेक्टर वीर बहादुर सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। लेफ्टिनेंट हरिश्चंद्र तिवारी ने स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। बटालियन सूबेदार मेजर राज कपूर के निर्देशन में लेफ्टिनेंट राजमणि ने कैडेट्स को शस्त्र संचालन व फायरिंग का अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के बाद कैडेट्स ने खेलकूद, परेड और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया।