सिंचाई के लिए पानी न मिलने से किसान खासा मुसीबत में है। फसल बुवाई में
विलंब होने से पैदावार पर असर पड़ने की आशंका उसे परेशान कर रही है। पानी
की समस्या को लेकर कुंआखेड़ा केे किसानों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट
पहुंचकर धरना दिया। इस दौरान किसानों ने अधिकारियों से सिंचाई के लिए पानी
मांगा। कहा कि माइनरों व रजबहों में भी पानी नहीं आया
है। इससे पलेवा और
खेतों की बुवाई नहीं हो पा रही है। धरने के बाद किसानों ने जिलाधिकारी
रामगणेश को संबोधति ज्ञापन एडीएम आनंद कुमार को सौंपा। एडीएम ने किसानों को
भरोसा दिया कि उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।
कुंआखेड़ा के किसान
सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष लाखन सिंह कुशवाहा के साथ बड़ी संख्या में
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस
दौरान किसानों ने कहा कि वैसे ही जनपद
का किसान सूखे की मार से जूझ रहा है। ऐसे में समय पर पलेवा के लिए पानी
नहीं मिल पा रहा है। सरकारी नलकूप खराब हैं तो वहीं टेल तक नहरों में पानी
नहीं पहुंचा। इससे कई एकड़ क्षेत्रफल में धूल उड़ रही है। समय से पलेवा न
हुआ तो बुवाई भी नहीं हो पाएगी और फिर किसानों के आगे अकाल की स्थिति बन
जाएगी। किसानों
ने डीएम रामगणेश को संबोधित ज्ञापन भी एडीएम को सौंपा और
कहा कि यदि दो, एक दिन के अंदर पानी फुलगेज से न छोड़ा गया तो दोबारा धरना
देकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मनोज कुमार, देव सिंह, महाराज सिंह,
ग्याप्रसाद, शिवकुमार, मनोज, रामऔतार, शिवनंदन शुक्ला, देवेंद्र सिंह, अकुर
दास, नत्थू कुशवाहा, अनूप कुशवाहा, नागेंद्र आदि मौजूद रहे।