-परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
उरई (जालौन)। परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जल्द ही रोडवेज बसों को बुंदेलखंड के हर एक गांव तक पहुंचाया जाएगा। बस अड्डों के अलावा बसें भी वाईफाई की सुविधा से लैस होगी। इससे यात्री सफर के दौरान भी नेट चला सकेंगे। मंत्री मंगलवार की देर रात दतिया जाते वक्त उरई स्थित अपने आवास पर कुछ देर के लिए रुके थे।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुंदेलखंड की सड़कों की दशा सालों से हो रही ओवरलोडिंग का ही नतीजा है। इसलिए ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे टोल फ्री नंबर भी जारी करने वाले हैं, जिससे कोई भी रोडवेज बसों और ओवरलोडिंग से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अतिरिक्त बस अड्डों में यात्री सुविधा बढ़ाई जाएंगी और बसों को भी वाईफाई से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्ज माफ कर किसानों के हित का काम किया है। इस मौके पर विधायक गौरीशंकर वर्मा, क्षेत्रीय मंत्री नागेंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, आदित्य अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
सर्किट हाउस में ली अफसरों की क्लास
बुधवार की सुबह जनपद लौटे परिवहन मंत्री ने सर्किट हाउस में एआरटीओ अधिकारियों को बुलाकर उनकी क्लास ली। उन्होंने दो टूक शब्दों में अफसरों से कहा कि रवैये में सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हर हाल में ओवर लोडिंग बंद होनी चाहिए।