उरई। एक नवंबर से रोडवेज बस में सफर करने वाले यात्री अब सीट आरक्षित करा सकेंगे। वहीं जिले में यह व्यवस्था लागू होने में 10 दिन का समय लगेगा। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक कंप्यूटर में साफ्टवेयर इंस्टालेशन का काम हो रहा है। उसके बाद यात्रियों को इसका लाभ मिलने लगेगा।
परिवहन विभाग पहली नवंबर से ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन आरक्षण शुरू कर रहा है। रोडवेज की एसी बसों के साथ साधारण बसों के लिए भी आरक्षण लिया जा सकता है। आरक्षण के लिए रोडवेज डिपो में केंद्र बनाए जा रहे हैं।
रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दुर्गाशंकर विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में भी बसों के लिए आरक्षण सुविधा शुरू की जा रही है। हालांकि प्रदेश में यह सुविधा पहली नवंबर से शुरू हो रही है, लेकिन जिले के यात्रियों को अभी कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है। रोडवेज की दूरी और किराये को लेकर कंप्यूटर में साफ्टवेयर इंस्टालेशन चल रहा है।
इसमें आठ से दस दिन का समय लग सकता है। इसके बाद जिले के यात्रियों को भी रोडवेज में आरक्षण का लाभ मिलने लगेगा। आरक्षण कराने वाले यात्री यदि टिकट निरस्त कराते हैं तो उनसे नियमानुसार कटौती भी की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए उनकी बस की समयसारिणी की उद्घोषणा भी समय-समय पर कराई जा रही है। आरक्षण कराने वाले यात्रियों की सूची कंडक्टर को बस रवाना होने से पहले सौंप दी जाएगी। इससे सीट को लेकर यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न होगी। इस सुविधा से यात्री को सीट पाने के के लिए जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी।