उरई। करसान रोड पर बने नए बस स्टैंड की दुकानों पर नगर पालिका ने अब कार्रवाई की तैयारी कर ली है। करीब 30 लाख रुपये की बकायेदारी पर बार-बार बिल भेजे जाने के बावजूद दुकानदारों ने रकम जमा नहीं की। इस लापरवाही के चलते बकायेदार दुकानदारों को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। ईओ राम अचल कुरील ने कर अधीक्षक गणेश प्रसाद को निर्देश दिए हैं कि नोटिस हर हाल में दुकानदारों तक पहुंच जाए। शनिवार को नोटिस जारी होते ही दुकानदारों में खलबली मच गई है। पालिका प्रशासन का कहना है कि अब किसी भी हाल में बकायेदारी नहीं छोड़ी जाएगी। नगर पालिका ने बताया कि दस हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले गृहकर उपभोक्ताओं की सूची भी तैयार हो चुकी है। फिलहाल उन्हें अंतिम बिल भेजे जा चुके हैं। इसके बाद नोटिस और फिर आरसी जारी की जाएगी। करीब एक हजार से अधिक गृहकर उपभोक्ता इसमें शामिल हैं।
कर अधीक्षक गणेश प्रसाद ने बताया कि पालिका ने पिछले वित्तीय वर्ष में 5.81 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 8.40 करोड़ रुपये की वसूली कर रिकॉर्ड बनाया था। इस वर्ष भी 5.81 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 106 प्रतिशत वसूली हो चुकी है। इस साल 3950 नए मकानों को कर दायरे में जोड़ा गया है, जिससे अब कुल 5000 मकानों से टैक्स वसूला जा रहा है।