इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम सराय मिट्टा निवासी सतीश बाबू (30) पुत्र मुन्नीलाल कालपी से दिल्ली चलने वाली प्रिंस ट्रैवल्स की बस में क्लीनर था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सतीश नेशनल हाईवे पर आर्य कन्या इंटर कालेज के पीछे पैदल कहीं जा रहा था। वह सड़क पार करने लगा तभी कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक के टायर से कुचलने के बाद वह पहिए में फंस गया। इतने में ट्रक चालक ने ट्रक सड़क के बीचों बीच रोका और वह कूदकर भाग निकला।
हादसा होते ही आसपास के मौजूद लोग दौड़कर आए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। उधर ट्रक फंसने व भीड़ इकट्ठा होने से हाईवे पर जाम लग गया। जानकारी पाकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के पहिए में फंसे सतीश को निकालने का प्रयास किया लेकिन वह बुरी तरह फंसा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने क्रेन बुलवाई और ट्रक उठवाकर सतीश को बाहर निकलवाया, तब तक उसकी सांसें चल रही थीं।
आनन फानन में सतीश को सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज मिलने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर हाईवे पर लगा जाम खुलवाया। इस दौरान करीब आटा घंटो दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया है। पुलिस चालक का पता लगा रही है। वहीं सुरेश के घरवालों को सूचना दी गई।