मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को बुंदेलखंड को ऊर्जा हब बनाने और
अप्रैल माह तक 22 घंटे बिजली देने का वादा किया। कहा कि बुंदेलखंड के
किसानों को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। हर संभव सहयोग की कोशिश की जा रही
है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीति आयोग के बनने
के बाद से प्रदेश के बजट में कटौती हुई है। वह बुधवार को
जालौन एवं हमीरपुर
में विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव ने जालौन के शाहजहांपुर में 50 मेगावाट के सोलर प्लांट का
उद्घाटन करने के बाद जालौन में 33 हजार केवीए के 10 सब स्टेशन बनाने की भी
घोषणा की। साथ ही बुंदेलखंड के अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में सब
स्टेशन और ट्रांसमिशन लाइनों को लगाने का भी एलान किया। छौंक गांव में
आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि
केंद्र ने अब तक बुंदेलखंड के सूखा और ओलावृष्टि प्रभावित किसानों के लिए
एक पैसा जारी नहीं किया। योजना आयोग की जगह नीति आयोग के गठन से प्रदेश के
बजट में कटौती की गई है। इसके बाद प्रदेश
सरकार अपने स्तर पर बुंदेलखंड के
किसानों को राहत देने की कोशिश में लगी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने
किसानों को अब तक करीब दो हजार करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है।
मुख्यमंत्री ने बसपा प्रमुख मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि बसपा
शासनकाल में सिर्फ कागजों में डैम बनवाए गए। यदि डैम निर्माण में गड़बड़ी न
हुई होती तो
बुंदेलखंड सूखे से निबटने के लिए तैयार रहता। उन्होंने अपनी
सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बेतवा नदी पर चेकडैम का निर्माण
तेजी से कराया जा रहा है। 10 महीने में काम पूरा हो जाएगा। इसी तरह जालौन
में हमीरपुर-जोल्हूपुर
फोरलेन का उद्घाटन करने के बाद जिले में बनने वाली
करीब 172 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सभा को संबोधित
करते हुए मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि प्रदेश सरकार
45 जिला मुख्यालयों को फोरलेन से जोड़ रही है। बुंदेलखंड के गरीबों को शत
प्रतिशत समाजवादी पेंशन दी जा रही है। किसान की दुर्घटना में मौत
होने पर
पांच लाख की मदद दी जा रही है। इस दौरान सपाइयों के कहने पर मुख्यमंत्री ने
मुख्यालय को बाईपास और पिचिंग देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दोनों
जिले में कार्यक्रम के दौरान कन्या विद्याधन, श्रमिकों को साइकिल और किसान
दुर्घटना बीमा योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।