एट (जालौन)। बीएससी की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि छात्रा कुछ दिन से तनाव में थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
एट थाना क्षेत्र के हरदोई गूजर गांव निवासी रमाकांत की 18 वर्षीय बेटी दीक्षा पाल कोंच के महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा थी। सोमवार की सुबह उसका शव घर की छत पर लगे पाइप में दुपट्टे से फंदे पर लटका मिला। घटना के समय माता-पिता खेत पर गए थे। मां जब लौटकर घर पहुंची तो पुत्री को फंदे पर लटका देखा तो रोने-बिलखने लगी। आसपास के लोग भी आ गए। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता ने बताया कि वह कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। पूछने पर किसी को कोई वजह नहीं बता रही थी। उसकी मौत से मां मुन्नी देवी व छोटे भाई ऋतिक सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस का कहना है कि छात्र की मौत की हर बिंदु पर जांच पड़ताल की जा रही है।