फोटो - 03 पुलिस गिरफ्त में आरोपी। संवाद
कालपी। यूपी-112 पर लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले जीजा-साले को कालपी पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। जेब से रुपये गिरने पर आरोपियों ने पुलिस को परेशान किया था। जांच में पूरा मामला खुल गया।
आटा थाना क्षेत्र के इटेरिया बाजा निवासी अंशुल ने यूपी -112 पुलिस को सूचना दी थी। बताया कि बुधवार को काशीखेड़ा-वनखंडी देवी मंदिर मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी जेब से 5 हजार रुपये और चांदी लूट ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में पता चला कि अंशुल की बाइक रास्ते में खराब हो गई थी। बाइक को पैदल ले जाते समय उसकी जेब से 1700 रुपये गिर गए थे, जिन्हें रास्ते से गुजर रहे दो अज्ञात बाइक सवार उठा ले गए। इसके बाद अंशुल के जीजा परासन निवासी कुलदीप ने उसे लूट की झूठी सूचना देने की सलाह दी। पूछताछ में दोनों ने फर्जी सूचना देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार झूठी सूचना देकर सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया गया तथा क्षेत्र में अनावश्यक भय का माहौल पैदा किया गया। मामले में अंशुल और उसके जीजा कुलदीप को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि पुलिस को झूठी सूचना दी थी। जांच में मामला उजागर होने पर कार्रवाई की गई है।