हादसे में टिप्पर में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
- फोटो : अमर उजाला
परिजनाें को खेत पर खाना देने जा रही एक महिला को सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने लापरवाही से चलाकर टक्कर मार दी। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनाें ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से डाक्टराें ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रिफर कर दिया। परिजन उसे झांसी ले जा रहे थे
लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सिरसा कलार थाना क्षेत्र के गांव कुटरा निवासी विद्यादेवी (28) पत्नी पहलवान पाल रविवार की दोपहर करीब एक बजे अपने परजिनाें को खाना देने के लिए खेत पर जा रही थी। तभी वहां सिरसाकलार की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो के चालक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर
परिजन पहुंचे और उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां से डाक्टराें ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रिफर कर दिया। परिजन उसे लेकर झांसी जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनाें की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है।
यमुना में डूबने से युवक की मौत
सिरसा कलार थाना क्षेत्र का रहने वाला एक युवक यमुना में नहाते समय डूब गया। जब तक उसे बचाया जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना क्षेत्र के गांव छोटी मडै़या निवासी बबलू(28) पुत्र देव सिंह रविवार की दोपहर दोस्ताें के साथ यमुना नदी पर नहाने गया था। दोस्तों के मुताबिक बबलू नदी की गहराई में चला गया और डूबने लगा। दोस्ताें ने उसे
बचाया और बाहर लाए तो वह अचेत हो गया। सूचना पाकर परिजन पहुंचे और उसे अस्पताल ला रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनाें ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना पुलिस का कहना है कि यमुना में डूबने से युवक की मौत की जानकारी तो है लेकिन परिजनाें ने कोई कार्रवाई नहीं चाही। इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा।