जालौन। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रावतान में बुधवार रात विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मोहल्ला रावतान निवासी मनोज कुमार की पत्नी मीनाक्षी उर्फ गुड़िया (28) बुधवार रात अपने कमरे में सो रही थी। सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला। जानकारी पर जनपद कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के दस्तमपुर निवासी मीनाक्षी के पिता वीर सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब सात वर्ष पहले उन्होंने बेटी की शादी मनोज कुमार से की थी। उनकी एक बेटी भी है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित किया जाता था।
वीर सिंह का आरोप है कि 23 सितंबर को भी ससुरालियों ने मीनाक्षी के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी उसने दिन में फोन कर मायके वालों को दी थी। आरोप है कि रात में दोबारा मारपीट कर उसकी हत्या की गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। मायके पक्ष के मुताबिक, मौके पर मीनाक्षी की चूड़ियां और कान का कुंडल बिखरा मिला तथा कपड़े अस्त-व्यस्त थे।
कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर मिली है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।