कोंच के फूलबाग में चुनावी जनसभा को संबोधित करते गुलाम नबी आजाद।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को यहां मुस्लिमों पर डोरे डाले। उन्होंने कहा कि बीजेपी नफरत फैलाने का काम कर रही है। मोदी को सिर्फ झूठ बोलना आता है। लोकसभा चुनाव इसका जीता जागता उदाहरण है। चुनाव के वक्त किए गए एक भी वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने बीजेपी जैसी सांप्रदायिक शक्तियों को यूपी में आने से रोकने के लिए
गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कोंच के आजाद नगर के फूलबाग मैदान में कांग्रेस-सपा गठबंधन प्रत्याशी विनोद चतुर्वेदी के पक्ष में जनसभा में उन्होंने कहा कि बसपा व बीजेपी दोनों दल झूठ बोलने में माहिर हैं। पीएम ने लोकसभा चुनाव में विदेशों में जमा काले धन को लाने का वादा किया। तीन साल होने जा रहे हैं, अभी तक न तो काला
धन आया है और न ही इसको छिपाकर रखने वालों के विरुद्ध कार्रवाई हुई। किसानों के हितों की बात करने वाली बीजेपी उनके साथ अन्याय कर रही है। खासकर बुंदेलखंड में दैवी आपदा से जूझ रहे किसानों की मदद नहीं की गई, जबकि यूपी सरकार ने किसानोें की मदद के लिए भरपूर बजट दिया। कहा कि बसपा सरकार में सिर्फ लखनऊ में पत्थरों को लगवाया गया।
प्रदेश का विकास कराने में बीएसपी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस मौके पर प्रत्याशी विनोद चतुर्वेदी के अलावा कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी श्यामसुंदर, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी, कुलदीप सिंह गुर्जर, सपा के पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी आदि मौजूद रहे।