उरई। भाजपा और सपा समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी में से किसी का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय है। प्रशासन के साथ प्रत्याशियों ने भी शनिवार को होने वाले मतदान की तैयारी पूरी कर ली है। ऐसे में कई जिला पंचायत सदस्य ऐसे हैं, जिनके मोबाइल पिछले दो-तीन दिनों से बंद है। उनके ही वोट से हार जीत का निर्णय होना है। लिहाजा दावेदारों की धड़कनें जरूर तेज हो गई है।
बताते चलें कि शनिवार को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए भाजपा से पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और कांग्रेस की उर्मिला सोनकर जिन्हें समाजवादी पार्टी का भी समर्थन प्राप्त है, के बीच सीधा मुकाबला है। नामांकन के बाद से ही तीनों दलों के बीच रस्साकस्सी तेजी से चल रही है। जबकि बसपा और निर्दलीय सदस्य शांत हैं। चुनाव में कुल 25 सदस्यों को मतदान करना है। इन 25 सदस्यों में अधिकांश सदस्य नामांकन के बाद से ही जिले के बाहर हैं और अब जब स्थिति निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई तो ज्यादातर सदस्यों ने मोबाइल भी बंद कर रखे हैं। इनके अलावा जो सदस्य जिले में मौजूद हैं, उनकी खरीद फरोख्त का सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। कुछ सदस्यों ने तो भाजपा और कांग्रेस दोनों के ही दावेदारों को अलग अलग अपना समर्थन देने आश्वासन दे रखा है।
------
क्रास वोटिंग रोकने को सदस्यों को दिए पेन
एक ओर सदस्य दोनों प्रत्याशियों को आश्वासन दे रहे हैं तो वहीं प्रत्याशी भी उनसे एक हाथ आगे हैं। सूत्रों के अनुसार दावेदारों ने अपने-अपने समर्थकों को अलग-अलग कलर के पेन भी दे रखे है। जिनका इस्तेमाल वोटिंग के वक्त किया जाएगा और स्याही के कलर से ही क्रास वोटिंग भी पकड़ में आ जाएगी।
----------
एक दूसरे के वोट बैंक में सेंध का भी प्रयास
भजापा के घनश्याम अनुरागी हो या कांग्रेस प्रत्याशी के पति बृजलाल खाबरी हो दोनों ही जिले के धुरंधर है। घनश्याम जहां सपा से सांसद रह चुके हैं तो बृजलाल बसपा से सांसद रह चुके है। वर्तमान में भले ही दोनों भाजपा और कांग्रेस में हो लेकिन इस चुनाव में दोनों ही अपने-अपने पुराने दलों के सदस्यों पर डोरे डालकर एक दूसरे को नुकसान पहुंचाने के प्रयास में हैं।
---
देर रात तक सदस्यों को लेकर लौटेंगी गाड़ियां
नामांकन के बाद से ही जिले के नेताओं की लग्जरी गाड़ियां सदस्यों को लेकर सैर सपाटे पर निकल गई थी। माना जा रहा है कि शनिवार को होने वाली वोटिंग के लिए बाहर गए सभी सदस्य शुक्रवार की देर रात तक जिले में लौट भी लाएंगे। ताकि शनिवार को वे निर्धारित समय पर मतदान के लिए कलक्ट्रेट पहुंच सके।
--------
आरोपी सदस्यों पर होगी पुलिस की निगाहें
26 जून को नामांकन के बाद से ही सपा समर्थित दो सदस्यों देवेंद्र सोनी और निर्दोष यादव के खिलाफ गोहन, रामपुरा और कालपी थानों में मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। शनिवार को इन सदस्यों को भी मतदान के लिए कलक्ट्रेट पहुंचना है। ऐसे में पुलिस की निगाहें भी इन दोनों को तलाशेंगी। सूत्रों के अनुसार दोनों सदस्य भी पूरी सतर्कता बरतेंगे।