जिले में एक भाजपा नेता व पूर्व जनप्रतिनिधि का आडियो वायरल हुआ है। इसमें नेता जी विपक्षी दल (बसपा) के लिए वोट मांग रहे हैं। यहीं नहीं आडियो में नेताजी दबाव डाल रहे हैं कि जितना हो सके हाथी पर ही मोहर लगवाओ। यहां (बीेजेपी) का तो कोई ठिकाना नहीं है। भाजपा नेता का यह आडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हड़कंप मच गया। जिसने भी सुना, वह सुनकर दंग रह गया। बीजेपी कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक आडियो से सकते में हैं।
दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। लोग एक-दूसरे से पूछते रहे कि आखिर ये नेताजी हैं कौन, जिन्हें बसपा की इतनी फिक्र है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेता का आडियो हाईकमान तक पहुंच गया है। अब प्रदेश नेतृत्व ही उनका भविष्य तय करेगा।
पिछले दिनों हुए विधानसभा चुनाव में सभी राजनैतिक दलों ने वोटरों को अपने पाले में खींचने के लिए हर दांव चला। इस दौरान बीजेपी के एक नेता व पूर्व जनप्रतिनिधि पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने के बजाय दूसरे दल (बसपा) के लिए वोट मांग रहे थे। वोट पक्का करने के लिए भाजपा नेता ने अपने नजदीकियों और रिश्तेदारों को फोनकर बसपा प्रत्याशी को वोट देने के लिए कहा।
यहीं नहीं उन्होंने क्षेत्र में जातीय आंकड़ों के बारे में भी जानकारी ली और जोर देकर कहा कि पूरी कोशिश करो कि ज्यादा से ज्यादा वोट बसपा में जाना चाहिए। हालांकि उस समय तो यह आडियो वायरल नहीं हुआ। शनिवार को जब योगी को सीएम बनाने की औपचारिक घोषणा की जा रही थी तभी यह आडियो वायरल हो गया। पूर्व जनप्रतिनिधि का आडियो वायरल सोशल मीडिया पर एक साथ कई ग्रुपों में भेजा गया। इसे जिसने भी सुना, वह आश्चर्यचकित रह गया।
भाजपाइयों मेें इस आडियो को लेकर दिन भर चर्र्चाओं का माहौल रहा। सूत्र बताते हैं कि भाजपा नेता की पार्टी विरोधी करतूत का आडियो हाईकमान को भेजा जा चुका है। अब देखना यह है कि प्रांतीय नेतृत्व नेता के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है। इस बाबत जब भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल से बात करनी चाही तो उनका मोबाइल नहीं लगा। बताया जाता है कि वे सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में गए हैं।