उरई। एट कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला, जहां एसपी ने काली फिल्म और हूटर लगाए गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसमें भाजपा के युवा मोर्चा के एट मंडल अध्यक्ष की गाड़ी भी एसपी ने सीज कर दी। जानकारी पर भाजपाई कोतवाली पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक डॉ.ईराज राजा एट नगर में बुधवार को कोतवाली पुलिस के साथ फ्लैग मार्च कर रहे थे। तभी भाजपा युवा मोर्चा के एट मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा अपनी काली रंग की स्कॉर्पियो कार का हूटर बजाकर पुलिस अधीक्षक के सामने निकले, इस गाड़ी को जब पुलिस अधीक्षक ने देखा तो उस गाड़ी को रुकवाया और उसकी जांच की तो कार में डबल हूटर लगा हुआ पाया।
इतना ही नहीं कार में जेड प्लस काली फिल्म के शीशे लगे हुए थे, साथ ही नंबर प्लेट की जगह मंडल अध्यक्ष लिखा हुआ था। इस पर एशपी ने कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह चौहान को तत्काल गाड़ी सीज करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के बाद मंडल अध्यक्ष ने परिचय देते हुए गाड़ी को छोड़ने की बात कही, मगर पुलिस अधीक्षक ने उनकी एक न सुनी। एसपी की इस कार्रवाई से भाजपाइयों में दहशत का माहौल है।