जनपद में खराब सड़कों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने कोंच
से लेकर उरई तक पैदल यात्रा कर विरोध जताया। इस दौरान सूबे की सरकार पर
भाजपाई जमकर बरसे। भाजपा नेताआें ने सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार
विकास को लेकर गंभीर नहीं है। यही वजह है कि जिले की सड़कें बदहाल हैं। इस
दौरान जिलाधिकारी को संबोधित मांग
पत्र सदर एसडीएम डा. एबी सिंह को सौंपा
गया। इसमें सड़कों के निर्माण की मांग की गई। मंगलवार को कोंच से
यात्रा शुरू करने वाले भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी 30 किलोमीटर पैदल
चलकर बुधवार को उरई पहुंचे। यहां पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने
यात्रा में शामिल लोगों का लॉ कालेज के पास जोरदार स्वागत किया। इसके बाद
उनके साथ पैदल
मार्च करते हुए शहर पहुंचे। यहां से माहिल तालाब, घंटाघर,
अंबेडकर चौराहे होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। पैदल यात्रा की अगुवाई
कर रहे पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि जनपद की मुख्य सड़क ों
से लेकर लिंक मार्ग ध्वस्त हैं। इस ओर शासन और प्रशासन गंभीर नहीं है।
गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि कोंच को जोड़ने वाले नौ मुख्य मार्ग और नौ लिंक
मार्ग जर्जर
हैं। इसके अलावा जनपद के कई प्रमुख मार्गों पर पैदल चलना
मुश्किल हो रहा है। सपा सरकार में लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही
हैं। रामलखन औदिच्य ने कानून व्यवस्था पर सरकार को कोसा। इन्होंने कहा कि
पुलिस प्रशासन सत्ता दल के नेताओं की कठपुतली बन गया है। जिलाध्यक्ष उदयन
पालीवाल ने कहा कि सपा सरकार में लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।
सरकार
के खिलाफ आंदोलन छेड़ना पड़ेगा तभी आम जनता को सुविधाएं मिल सकेंगी। इस
मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह मुन्नू, पूजा सिंह सेंगर, जिला
पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र सेंगर, पूर्व महामंत्री अनिल बहुगुणा, सुनील कांत
तिवारी, सुनील शर्मा, एमपी वर्मा, लक्ष्मणदास बाबानी, अक्षय त्रिपाठी, सोनू
मिश्रा, विपिन सेठ, सूर्यनायक, अनुपम दूरबार, प्रदीप चौहान, देवेंद्र
राठौर, सुधीर त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।