कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बंगरा के राजकीय इंटर कालेज के मैदान में गठबंधन के प्रत्याशी विनोद चतुर्वेदी के पक्ष में जनसभा की। इस दौरान बोले, भाजपा वन मैन (मोदी) शो बनकर रह गई है। वह केवल देश पर अपनी मन की बात थोप रहे हैं। वह काम की बात कब करेंगे। सरकार का ढाई साल बीतने को हैं, लेकिन अब तक विकास के नाम पर उन्होंने कुछ नहीं किया।
राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार माल्या जैसे शराब कारोबारी का कर्ज माफ कर रही है। अगर यही पैसा देश के उद्योग धंधों पर लगाए जाते तो यहां के युवाओं को रोजगार मिलता और किसान भी खुशहाल होता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के नाम पर भाजपा लड़ाई लड़ने की बात कहकर गुमराह कर रही है।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण उद्योग धंधे बंदी की कगार पर हैं। राहुल ने कहा कि अगर गठबंधन की सरकार बनी तो युवाओं को बिना ब्याज के कर्ज देकर उनको स्थापित किया जाएगा। इस दौरान गठबंधन प्रत्याशी विनोद चतुर्वेदी, कालपी प्रत्याशी उमाकांती सिंह व उरई सुरक्षित सीट से महेंद्र कठेरिया के पक्ष में उन्होंने जनता से वोट मांगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर, सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल यादव, पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, विष्णुपाल सिंह, पवन गुर्जर, लाखन सिंह, सुरेंद्र प्रताप, श्रीपाल, सुधीर श्रीवास्तव, घनश्याम जूदेव, जयशंकर द्विवेदी, शशि चौहान, गौरीश, दीपांशु समाधिया मौजूद रहे।
जब मंच के साइड पर्दे हटवाए
राहुल गांधी जैसे ही मंच पर आए तो सड़क की ओर लगे पर्दे हटवा दिए और लोगों का अभिवादन करने के बाद विपक्षियों पर बरसे। उन्होंने लोगों से जमीनी स्तर की बातचीत की। इससे जनता राहुल, राहुल करती नजर आई।
रिश्ता दिल से बनता है, दिमाग से नहीं
राहुल गांधी ने पीएम पर व्यंग्य कसा कि बहनों, भाईयों, और इसके बाद चुप हो गए। तो ठहाके गूंजे। बोले कि मोदी जी बिहार जाते हैं तो वहां के भाई बन जाते है। बनारस में उन्हें गंगा मैया बुलाती है। यूपी में दत्तक पुत्र बन जाते हैं। रिश्ता दिल से बनता है दिमाग से नहीं।